अलीगंज। तहसील क्षेत्र के गांव खैरपुरा निवासी एक व्यक्ति को कुत्ते ने काट लिया। एंटी रैबीज की तीन डोज लगने के बावजूद उसकी हालत बिगड़ गई। परिजनों ने सीएम कार्यालय फोन कर इलाज के लिए गुहार लगाई। विभागीय मंत्री की कॉल पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर युवक को सीएचसी पर भर्ती कराया।
खैरपुरा निवासी राजवीर पुत्र रामस्वरुप को अक्तूबर में कुत्ते ने काट लिया। राजवीर के भतीजे अमित ने बताया कि सीएचसी पर एंटी रैबीज इंजेक्शन की तीन डोज लगा दी गईं। 11 नवंबर को राजवीर सिंह की हालत बिगड़ी तो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज ले गए। जहां से मेडिकल कॉलेज एटा और फिर एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा रेफर कर दिया गया। परिजनों का आरोप है कि मरीज को आगरा में भर्ती करने से इनकार कर दिया गया, जिस पर घर चले आए। शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यालय पर फोन कर मामले की जानकरी दी। स्वास्थ्य मंत्री जयप्रकाश सिंह ने एटा सीएमओ को फोन किया। जिसके कुछ समय बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम मरीज के घर एंबुलेंस लेकर पहुंच गई। मरीज को सीएचसी लाकर भर्ती कराया गया।
----------
युवक को किसी जानवर ने काटा था। रैबीज की डोज उसको पहले ही लगा दी गईं थीं। स्वास्थ्य मंत्री की कॉल पर टीम को उसके घर भेजा गया और सीएचसी पर भर्ती किया गया है।
डॉ. उमेश त्रिपाठी, सीएमओ
--------------
सीएमओ के निर्देश पर मरीज को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मरीज के सभी परिजनों को एंटी रैबीज का टीकाकरण करा दिया गया है।
डॉ. रंजीत वर्मा, सीएचसी अधीक्षक