एटा। परिवहन विभाग का वाहनों पर बकाया टैक्स करीब 17 करोड़ रुपये हैं। लेकिन लोग इसे जमा नहीं कर रहे हैं, कुंडली मारकर बैठे हैं। विभाग की ओर से आरसी जारी करने के बाद ऐसे लोगों के घर पर अमीन दस्तक दे रहे हैं। साथ ही बकायेदारों की संपत्ति कुर्क कराने की पहल भी शुरू की गई है।
सहायक क्षेत्रीय परिवहन विभाग का वाहनों पर रोड टैक्स ब्याज सहित करीब 17 करोड़ बकाया है। इतनी मोटी रकम को वसूल करने में विभाग के अधिकारियों के पसीने छूट रहे हैं। परिवहन विभाग की ओर से 15 बड़े बकायेदारों की सूची जारी की है। इन पर 1.41 से 2.51 लाख तक बकाया है। अब बकायेदारों की आरसी जारी की गई है ताकि अमीनो के माध्यम से वसूली कराई जा सके। संबंधित तहसीलों के अमीन बकायेदारों के घरों में दस्तक दे रहे हैं। बकाया रकम चुकता नहीं करने पर जमीन व संपत्ति कुर्क करने की बात कह रहे हैं।
राजस्व वसूली में एटा 12वें स्थान पर
परिवहन विभाग के राजस्व वसूली की बात की जाए तो अक्तूबर माह में 12वें स्थान पर प्रदेश में रहा है। लक्ष्य के सापेक्ष 41.44 फीसदी वसूली करने में कामयाबी मिली है। इससे परिवहन विभाग उत्साहित है।
-वर्जन-
बड़े बकायेदारों की सूची जारी कर दी गई है, टैक्स जमा नहीं करने वालों की आरसी जारी कर अमीनो को भेजा जा रहा है। अगर फिर भी बकाया जमा नहीं किया जाता है तो कुर्की की कार्रवाई विधिक रूप से की जाएगी।
सतेंद्र कुमार, एआरटीओ