मिरहची। किसानों की आय दोगुनी करने के लिए सरकार अनेकों प्रयास कर रही है। खाद-बीज से लेकर तमाम कृषि यंत्रों पर छूट दी जा रही है। बीज गोदाम पर तैनात कर्मचारी सरकार की मंशा को मिट्टी में मिला रहे हैं। बीज खरीदने वाले किसानों से कागजात लेकर रद्दी की टोकरी में डाल रहे हैं। इस रह सब्सिडी के नाम पर किसानों को धोखा ही मिल रहा है।
सरकारी बीज केंद्र से खरीदारी पर सरकार सब्सिडी देती है। मिरहची स्थित कृषि बीज केंद्र पर एक वर्ष से बीज खरीदने वाले किसानों के साथ जमकर छलावा किया जा रहा है। उधमपुर निवासी किसान यादवेंद्र यादव ने बताया कि एक वर्ष पहले सरकारी बीज केंद्र से बीज खरीदा था। उसके कागज भी जमा करा लिए गए। सब्सिडी आज तक नहीं मिली है। गांव बुढ़ैना निवासी सतेंद्र चौहान का कहना है कि कृषि बीज केंद्र पर एक साल से मनमानी की जा रही है।
बीज लेने के दौरान भुगतान करने एवं सभी कागजात जमा करने के बाद भी सब्सिडी नहीं मिल पा रही है। अन्य ब्लाॅकों के किसानों को योजना का पूरा लाभ मिल रहा है। एडीओ कृषि महेंद्र सिंह का कहना है कि जिन किसानाें की सब्सिडी नहीं आई उनकी डीबीटी कर दी गई। कुछ तकनीकी समस्या आ रही है, इसे दिखवाया जाएगा। किसानों की समस्या सर्वोपरि है, समाधान किया जाएगा।