एटा। निधौली कलां नगर पंचायत में फर्जी अभिलेखों से नौकरी का मामला पकड़ने के एक साल बाद भी कार्रवाई नहीं हो हुई है। जबकि कर्मचारी सेवानिवृत्त हो चुका है। अब मंडलायुक्त के आदेश पर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी चल रही है।
शहर के वनगांव रोड निवासी रवीश कुमार की शिकायत पर अलीगढ़ मंडलायुक्त गौरव दयाल ने एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए हैं। रवीश की शिकायत है कि नगर पंचायत निधौली कलां में नसीम शेख ने हाईस्कूल का फर्जी अंक पत्र लगाकर नौकरी प्राप्त की थी। मामला उनकी सेवा काल में ही उठा था, लेकिन तब दबा दिया गया। उनके सेवानिवृत्त होने के बाद शिकायतों की जांच कराई गई। माध्यमिक शिक्षा परिषद से उनके अंकपत्र को लेकर जानकारी मांगी गई।
सचिव कार्यालय से दी गई जानकारी में स्पष्ट किया गया कि बताए गए अनुक्रमांक पर किसी अन्य छात्र का विवरण अंकित है। आगरा के संबंधित विद्यालय प्रधानाचार्य ने भी इस अनुक्रमांक से किसी छात्र का पंजीकरण न होने की जानकारी उपलब्ध कराई। यह जांच तत्कालीन डीएम के द्वारा कराई गई थी। जांच में स्थिति स्पष्ट होने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई, तो रवीश कुमार ने पहले मुख्यमंत्री और बाद में मंडलायुक्त को प्रार्थनापत्र दिया।