महिला पर पेट्रोल छिड़कर कर आग लगा दी।
उत्तर प्रदेश के एटा में पति व ससुरालीजनों ने बहू पर पेट्रोल छिड़कर कर आग लगा दी। आग लपटों में महिला जलने लगी। वह 60 फीसदी से अधिक जल गई। उसकी चीख सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। पड़ोसियों की मदद से उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने आगरा के लिए रेफर कर दिया।
घटना अवागढ़ थाना क्षेत्र कुसवा गांव की हैं। गांव निवासी राजू की शादी विद्या देवी (27) के साथ हुई थी। पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि पति राजू, देवर इंदल और ससुर शैतान सिंह ने बुधवार को उसके ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग लगाने के बाद तीनों लोग भाग गए। चीख सुनकर ग्रामीण एकत्र हो गए। उन्होंने किसी तरह से आग बुझाई और अस्पताल लेकर गए। इसके बाद मायके वालों को सूचना दी गई।
सगे भाइयों से हुई थी, सगी बहनों की शादी
विद्या देवी का मायका मैनपुरी जिले के कुरावली थाना क्षेत्र का कूकामई गांव है। सूचना पर पिता कीरतपाल सहित परिजन पहुंचे। पिता ने बताया कि विद्या देवी और छोटी बेटी नेहा की शादी दो सगे भाइयों राजू और इंदल के साथ करीब आठ वर्ष पहले एक साथ की थी। नेहा के पति इंदल का आचरण ठीक नहीं था। शराब पीकर बेटी की पिटाई करता था। छोटी बेटी काफी परेशान थी। इंदल के साथ नहीं रहना चाहती थी। इसके चलते रिजोर क्षेत्र के फतेहपुरा गांव निवासी गुड्डू के साथ उसकी कोर्ट मैरिज करा दी।
मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही पुलिस
बताया कि छोटी बेटी के चले जाने के बाद से ससुरालीजन बड़ी बेटी विद्या देवी पर शक करने लगे। उनको शक था कि उसने ही नेहा की दूसरी जगह शादी कराई है। इसकी वजह से उसे परेशान किया जाने लगा। बुधवार को आग लगाकर हत्या करने की कोशिश की। बताया कि बेटी के पति, ससुर और देवर इंदल के खिलाफ तहरीर दी है। थाना प्रभारी फूलचंद ने बताया कि महिला ने खुद ही गृह कलह के चलते आग लगाई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। जांच की जा रही है।