पुरानी बस्ती से होकर निकलती शोभायात्रा। संवाद
एटा। रंगभरनी एकादशी पर शुक्रवार को शहर में भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्री सीताराम रामलीलामढ़ी मंदिर कमेटी की ओर से भगवान राम की 101वीं शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। रंगभरनी एकादशी से ही होली की शुरुआत मानी जाती है।
मंदिर प्रांगण में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जमा हो गई। वैदिक मंत्रोच्चारण, ढोल-नगाड़ों और शंख ध्वनि के बीच भगवान का डोला सज-धजकर जैसे ही बाहर आया जय श्रीराम का जयघोष होने लगा। यात्रा मंदिर से प्रारंभ होकर पुरानी बस्ती, मोहल्ला तिबारियान, पटियाली गेट, ठंडी सड़क, घंटाघर, मेहता पार्क होते हुए मंदिर परिसर पहुंची। श्रद्धालुओं ने प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता और हनुमान के डोलों पर फूल बरसाए। समिति सदस्यों और महिलाओं ने जल-सेवा और फल-प्रसाद वितरण कर यात्रा का स्वागत किया। भजन मंडलियों ने माहौल को पूरी तरह भक्तिरस से सराबोर कर दिया। भजन-कीर्तन और ढोल-नगाड़ों की ताल पर खूब रंग-गुलाल उड़ा। इस दाैरान जितेंद्र सिंह एडवोकेट, विजेंद्र सिंह, हिमांशु, मनोज कश्यप, अमित जोहरी, अवधेश गुप्ता, रवि चौहान और अनिल सक्सेना आदि मौजूद रहे।
पुरानी बस्ती से होकर निकलती शोभायात्रा। संवाद