गायत्री परिवार ने कछला गंगा घाट पर बुधवार को सफाई अभियान चलाया। घाट की सफाई की गई।मौजूद श्रद्धालुओं को गंगा को निर्मल बनाने का संकल्प दिलाया। उनसे शपथ पत्र भी भराए गए।
गायत्री परिवार के प्रमुख रमन किशोर पल्तानी ने कहा कि गंगा का जल काफी पवित्र होता है। पर, इसमें कचरा आदि डाल कर दूषित किया जा रहा है। ऐसे में गायत्री परिवार ने गंगा को स्वच्छ बनाने के लिए अभियान शुरू किया है। निर्मल गंगा जन अभियान के तहत जल शुद्धि, तट शुद्धि, तटीय ग्राम शुद्धि, सच्चा तीर्थ सेवन, दूषित जल स्रोत प्रबंधन कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। आह्वान है कि लोग गंगा की निर्मल धारा में कचरा युक्त पूजन सामग्री गंगा में न डालें, तट पर पॉलीथिन का प्रयोग न करें।
गंगा स्नान में साबुन का प्रयोग न करें। तटों एवं घाटों पर मलमूत्र का त्याग न करें। प्लास्टर ऑफ पेरिस एव ंजहरीले रंग से बनी मूर्तियों का विसर्जन न करें। मृत पशु, अधजले शव गंगा में प्रवाहित न करें। शहर का गंदा नाला, उद्योगों का जहरीला गंदा पानी आने से रोकें। मौके पर डॉ सुरेंद्र गुप्ता, शिव कुमार गुप्ता, नरेंद्र केला, निरंजन लाल साहू, छोटू वार्ष्णेय, राम खिलाड़ी, प्रवेश पल्तानी, सुशीला केला, नीलम राठी, राधा माहेश्वरी, विद्या अग्रवाल, सरिता साहू, प्रियंका उपाध्याय, रामबेटी यादव आदि मौजूद रहे।