एटा। कोतवाली नगर में कासगंज जनपद निवासी एक व्यक्ति ने हिम्मतनगर निवासी चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। नौ लाख रुपये की धोखाधड़ी कर फर्जी बैनामा करने का आरोप लगाया है। अमांपुरा थाना क्षेत्र के गांव डुंडा निवासी महावीर ने मिरहची थाना क्षेत्र के गांव हिम्मतनगर निवासी लक्ष्मण सिंह सहित चार पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया कि मिरहची थाना क्षेत्र के गांव नगला भगत निवासी रेखा देवी का प्लॉट गांव मरथरा भगवान दास में है।
इस प्लॉट को हिम्मतनगर निवासी लक्ष्मण सिंह ने अपना बताकर बेचने की बात कही। नौ लाख रुपये में सौदा तय हुआ। इस दौरान सात लाख रुपये दे दिए। 20 सितंबर 2021 को बैनामा कराने के दौरान आरोपियों को दो लाख रुपये और दे दिए। महिला का जाली आधार कार्ड लाकर फर्जी बैनामा कर दिया। प्लॉट की स्वामी रेखा ने जानकारी होने पर संपर्क किया तो हकीकत सामने आई। कोतवाली नगर प्रभारी डीएन मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही ह्रै।