मकान बेचने के नाम पर धोखाधड़ी से रकम ले ली गई, इसके बाद मकान का बैनामा नहीं किया। रकम लौटाने के लिए कहा गया तो जानलेवा हमला कर दिया गया। वहीं दूसरे मामले में बैंक कर्मियों की मिलीभगत के चलते दलालों ने ऋण ले लिया, रिकवरी आने के बाद मामला उजागर हुआ तब चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
थाना मारहरा में विश्व प्रताप सिंह निवासी मोहल्ला प्रशांत नगर थाना कोतवाली नगर की ओर से बुधवार को मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि थाना मारहरा क्षेत्र के गांव बहादुरपुर निवासी कुंवरपाल सहित तीन लोगों ने मकान बेचने के नाम पर 28 फरवरी को रकम ले ली और तय समय पर मकान का बैनामा नहीं किया गया। इसके बाद रकम वापस मांगी गई तो बुधवार की देर शाम कुंवरपाल सहित तीन लोगों ने गांव में ही जानलेवा हमला कर मारपीट की गई और हत्या करने के इरादे से फायर किया गया। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश तिवारी ने बताया है कि मामला लेनदेन का है, तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है।
थाना अलीगंज क्षेत्र के गांव हिरदेपुर निवासी राजेंद्र सिंह का आरोप है कि वर्ष 2009 में भूमि विकास बैंक अलीगंज से भैंस खरीदने के लिए ऋण दिलाने के नाम पर दस्तावेजों पर दलाल जयवीर सिंह निवासी कुदैसा थाना अलीगंज ने अंगूठा लगवा लिया था। इसके बाद ऋण के 20 हजार रुपये बैंक कर्मियों की मिलीभगत से निकालकर बंदरबांट कर लिए गए। अब बैंक से 96 हजार रुपये की रिकवरी का नोटिस आया है, तब जानकारी हुई। बुधवार को जयवीर, अफसर अली सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया है कि तहरीर मिली है, उस पर मुकदमा दर्ज किया गया है, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।