घर से बुलाकर ले जाने के बाद एक किसान की हत्या कर शव को सड़क पर बुधवार की रात फेंक दिया गया। अधेड़ के गांव के ही दो युवक बाइक से गुजर रहे थे, इनकी ओर से पहचान करने के बाद परिजनों को सूचना दी गई। मृतक के पुत्र ने गांव के ही दो लोगों पर हत्या करने का मुकदमा दर्ज कराया है।
थाना जलेसर सादाबाद रोड स्थित रामकिशन चिलर के पास बुधवार की रात जयसिंह (56) पुत्र भूदेव सिंह निवासी गांव साल वाहनपुर थाना जलेसर की हत्या कर शव को सड़क पर फेंक दिया गया। मृतक के पुत्र नेमसिंह ने बताया है कि पिता को गांव के ही शीलेंद्र सिंह और फतेह सिंह रात करीब नौ बजे ई-रिक्शा से घर से बुलाकर ले गए थे, इसके बाद हत्या करके शव को रामकिशन चिलर के पास सड़क पर फेंक दिया गया। गांव के ही विष्णुदयाल और सतेंद्र कोल्ड स्टोर में कार्य करके रात करीब 11 बजे बाइक से घर लौट रहे थे तभी इन दोनों ने बाइक रोककर सड़क पर पड़े पिता की पहचान की। इन दोनों ने शव सड़क पर पड़ा होने की सूचना दी तब परिजनों के साथ पहुंचे।
शीलेंद्र और फतेह सिंह से जब बात करनी चाही तो दोनों भाग गए। इसके बाद थाना पहुंचकर दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक केपी सिंह ने बताया है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दो लोगों को नामजद करते हुए दर्ज किया गया है, मामले की जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।