एटा। कस्बा धुमरी में रविवार को एक सेवानिवृत्त फोरमैन अचेतावस्था में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना बागवाला के गांव लभेंटा निवासी बृजेश कुमार ने बताया कि पिता रामवीर सिंह (80) राजस्थान रोडवेज में फोरमैन के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। वह शनिवार को पेंशन संबंधी किसी काम से जयपुर गए थे। आरोप है कि वहां से लौटते समय उनको जहरखुरानों ने शिकार बना लिया। उनके पास से रुपये और मोबाइल ले गए। इसके बाद रविवार को वह धुमरी कस्बा में सड़क किनारे अचेतावस्था में मिले। जानकारी पर पुलिस पहुंची और परिजन को जानकारी देते हुए मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचाया, यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।