एटा। रोडवेज बसों में यात्रियों के लिए किसी आपात स्थिति में दवाएं उपलब्ध कराने का प्रावधान है। इसके लिए फर्स्ट एड बॉक्स लगवाए गए हैं, लेकिन अधिकांश बसों में ये खाली पड़े हैं। अधिकारियों के संज्ञान में है कि कर्मचारी इनकी दवा ले जाते हैं, लेकिन अभी तक कार्रवाई नहीं की गई है।परिवहन निगम की बसों में सफर कर रहें तो सावधान रहें। रास्ते में किसी प्रकार की समस्या होती है तो आपको प्राथमिक स्तर की चिकित्सा तक इन बसों में नहीं मिल पाएगी। इसलिए किसी बीमारी से पीड़ित हैं या रास्ते में किसी प्रकार की समस्या होती है तो आप खुद का प्राथमिक चिकित्सा ब़ॉक्स साथ रखें। एटा डिपो की बसों की स्थिति बेहद ही खराब है। नई बसें आने के बाद भी कोई खास सुधार देखने को नहीं मिल रहा है। चालक-परिचालक पुराने ही ढर्रे पर चल रहे हैं।
हमारी टीम ने मंगलवार को डिपो व अनुबंधित लगभग 20 गाड़ियों में जाकर देखा। पुरानी गाड़ियों में तो फर्स्ट एड बॉक्स ही नहीं था। जिन गाड़ियों में लगा हुआ था उनमें दवा नहीं थी। पूछने पर चालक-परिचालक मामले को टालते नजर आए। एक कर्मचारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि कुछ परिचालक ही फर्स्ट एड बॉक्स में रखी हुई दवाओं को निकाल ले जाते हैं।
बसों के लिए फर्स्ट एड बॉक्स की खरीद चुनाव के समय में की गई थी। अगर इस प्रकार की समस्या है तो दिखवाया जाएगा और परेशानी को दूर करने का प्रयास किया जाएगा। कोई कर्मचारी गड़बड़ कर रहा है तो इसकी भी जांच कराई जाएगी।सतेंद्र कुमार, आरएम अलीगढ़ परिक्षेत्र