एटा। विधानसभा चुनाव की मतगणना के दौरान मंडी समिति में बनाए गए मतगणना केंद्र के बाहर राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ लगी रही, जो जोश और उत्साह में बार-बार आगे बढ़ रहे थे, उन्हें खदेड़ने के लिए पुलिस को मशक्कत करनी पड़ रही थी।
बृहस्पतिवार को मतगणना केंद्र के मुख्य दरवाजे से दो सौ मीटर पहले बैरीकेडिंग की गई। अलीगंज मार्ग और जीटी रोड पर आवागमन सुबह सात बजे बंद कर दिया गया। वाहनों को बाईपास से होकर निकाला गया। वहीं सुबह के वक्त दुकानदारों ने अलीगंज मार्ग और जीटी रोड पर अपने प्रतिष्ठान खोल लिए जिन्हें पुलिस ने बंद कराया। सुबह करीब आठ बजे के बाद मतगणना शुरू होते ही अलीगंज मार्ग पर समर्थक और कार्यकर्ताओं की भीड़ लगना शुरू हो गई। भीड़ अधिक होने पर पुलिस ने उन्हें कई बार खदेड़ा। वहीं राहगीरों को निकलने में परेशानी हुई।
हथठेल बने भूखे-प्यासों के मददगार
जीटी रोड और अलीगंज मार्ग पर मतगणना स्थल से 200 मीटर दूर बैरीकेडिंग की गई। राजनीतिक दलों के समर्थक और कार्यकर्ताओं को आगे नहीं बढ़ने दिया गया। केवल प्रत्याशी और उनके मतगणना एजेंटों को ही अंदर जाने दिया गया। इस दौरान अन्य कार्यकर्ता और समर्थक बैरीकेडिंग के आसपास ही पूरे दिन बैठे चुनाव का हाल लेते रहे। दोपहर तक भूख-प्यास से अकुला गए। ऐसे में वहां चाट-पकोड़ी बेचने वाले हथठेल उनके लिए मददगार बने।
अलीगंज तिराहा और बाईपास पर लगाई गई बैरीकेडिंग
अलीगंज मार्ग स्थित अलीगंज तिराहा से बाईपास तक पुलिस द्वारा बैरीकेडिंग की गई। वहीं जीटी रोड पर नवीन गल्ला मंडी के गेट तक बैरीकेडिंग की गई। इससे आगे जाने के लिए दोपहिया वाहन चालकों को कांशीराम कॉलोनी से होकर ट्रांसपोर्ट नगर होते हुए जीटी रोड पर निकाला गया।