एटा के पिलुआ थाना क्षेत्र के अंतर्गत सुन्ना हाईवे पर शनिवार देर रात बोलेरो और स्विफ्ट कार में टक्कर हो गई। पास के गांव दरिगपुर में रह रहे बोलेरो सवारों के रिश्तेदार मौके पर पहुंच गए। दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी और फिर पथराव और फायरिंग भी होने लगी। गोली लगने से एक व्यक्ति घायल हो गया है।
बताया गया है कि फिरोजाबाद जनपद निवासी राकेश बोलेरो कार से एटा की ओर आ रहे थे। वहीं हाथरस निवासी नितिन स्विफ्ट कार से एटा से जा रहे थे। दोनों की कारें सुन्ना हाईवे पर आपस में टकरा गईं, जिस पर दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। वहीं के एक दुकानदार राजबहादुर निवासी दरिगपुर थाना पिलुआ बीचबचाव करने पहुंचे। इस बीच कुछ लोगों ने राजबहादुर की पिटाई कर दी। दुकान पर बैठे उसके बेटे ने मामले की जानकारी गांव में जाकर दे दी। जिस पर बड़ी संख्या में गांव के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।
इसके बाद पथराव होने लगा। बाद में फायरिंग भी की गई। गोली लगने से किशोर उपेंद्र निवासी दरिगपुर घायल हो गया। परिजन उसे लेकर मेडिकल कॉलेज आए, यहां से आगरा रेफर कर दिया गया। बवाल की सूचना मिलने पर पुलिस पर भी आक्रोशित लोगों ने गोली चला दी। बाद में अपर पुलिस अधीक्षक धनंजय सिंह कुशवाहा, सीओ सिटी कालू सिंह, एसडीएम सदर शिवकुमार मौके पर पुलिसबल के साथ पहुंच गए, जिसके बाद मामला शांत हो सका। एसएसपी उदय शंकर सिंह ने बताया दो कारों की भिड़ंत हुई थी। गलतफहमी में दो गांव के लोग भिड़ गए। गोली लगने से एक किशोर घायल हुआ है। अभी किसी की तरफ से तहरीर नहीं आई है।
गांव वालों के साथ पहुंचा था किशोर
सुन्ना हाईवे पर शनिवार रात मारपीट की सूचना पर दरिगपुर निवासी उपेंद्र भी गांव के लोगों के साथ पहुंच गया था, जहां गोली लगने से वह घायल हो गया। गांव वालों के मुताबिक वह इंटर का छात्र है। सिर में गोली लगने की वजह से आगरा में उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं पुलिस रविवार को गांव दरिगपुर में पहुंची और मामले की जांच पड़ताल की। गांव में सीओ सदर राघवेंद्र सिंह सहित पिलुआ थानाध्यक्ष बेगराम पहुंचे। गांव वालों से घायल के बारे में जानकारी ली। वहीं घटना को लेकर भी पूछताछ की।
गांव वालों ने बताया कि दोनों कार वालों में से किसी की इस गांव में रिश्तेदारी नहीं है। सुन्ना गांव के लोगों ने हमला कर दिया। किसने गोली चलाई इसकी जानकारी नहीं है, लेकिन गोली लगने से उपेंद्र घायल हो गया है। उसका इलाज आगरा में चल रहा है। थानाध्यक्ष बेगराम ने बताया कि कारों में टक्कर के बाद दो गांव के लोग आपस में भिड़ गए। अभी किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। घटना के बारे में पड़ताल की जा रही है।
गांव में दहशत का माहौल
बवाल के बाद रविवार को गांव में दहशत का माहौल रहा। इस दौरान पूरे गांव में सन्नाटा था। एक चौपाल पर बैठकर लोग घटना की चर्चा कर रहे थे। उन्होंने बताया कि पुलिस अभी गई है लोगों से पूछताछ की है।
दोनों कारों को थाने में कराया खड़ा
दुर्घटनाग्रस्त दोनों कारों को पुलिस द्वारा पिलुआ थाने में खड़ा कराया गया है। जबकि दोनों कार सवार लोग पथराव व फायरिंग होने पर भाग गए।