अलीगंज में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट में मैच जीत के बाद खुशी मनाते खिलाड़ी। स्रोत संस्था
अलीगंज। नगर के डीएवी ग्राउंड में चल रही अलीगंज प्रीमियर लीग में शनिवार रात खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाया। पहले मुकाबले में एएसके अलीगंज ने राठौर क्लब मंगदपुर को हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में अलीगढ़ टीम ने सकीट पर शानदार जीत दर्ज की।
पहला मुकाबला एएसके अलीगंज और राठौर क्लब मंगदपुर के बीच खेला गया। एएसके अलीगंज के कप्तान भानु प्रताप राठौर ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। टीम ने निर्धारित ओवरों में 81 रन का स्कोर खड़ा किया। एएसके टीम की ओर से शिवा गुप्ता ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 20 गेंदों में 29 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी राठौर क्लब मंगदपुर की टीम शुरुआत से दबाव में नजर आई। टीम निर्धारित ओवरों में 72 रन ही बना सकी। यतेंद्र कुमार ने 16 गेंदों में 32 रन बनाए, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। एएसके अलीगंज के कप्तान भानु प्रताप राठौर ने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 11 रन बनाने के साथ तीन विकेट भी हासिल किए। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरा मुकाबला अलीगढ़ और सकीट की टीमों के बीच खेला गया। सकीट टीम ने कप्तान खुर्शीद के नेतृत्व में निर्धारित ओवरों में 81 रन बनाए। राहुल सोलंकी ने 12 गेंदों में 27 रन बनाकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी अलीगढ़ टीम ने लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया। अलीगढ़ टीम की ओर से सरताज ने 27 गेंदों में 47 रन बनाए और टीम को जीत दिलाई। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैच शुरू होने से पहले विधायक पुत्र जीतू राठौर ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर टॉस उछाला।