एटा। शहर में आगरा रोड स्थित होटल गुप्ता पैलेस में बृहस्पतिवार की देर रात एक इंजीनियर का शव चादर के फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची कोतवाली नगर पुलिस ने शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस आत्महत्या मानकर चल रही है। एक लड़की को वजह बताया जा रहा है।
तमिलनाडू की राजधानी चैन्नई के अवानी स्ट्रीट बालमुरुगन नगर अल्लापक्कम निवासी जे. जयसूर्या (26) थायसन कंपनी में सर्विस इंजानियर के पद पर कार्यरत था। यहां इस कंपनी ने जवाहर तापीय परियोजना में कुछ उपकरण लगाए हैं। इसी सिलसिले में सर्विस को लेकर कंपनी से इंजीनियर की मांग की गई थी। जे. जयसूर्या 9 अप्रैल की देर रात होटल गुप्ता पैलेस में आकर रुका। 10 और 11 अप्रैल को जवाहर तापीय परियोजना स्थल पर काम करने के लिए गया। वहां से लौटकर अपने कमरे में ही रहता था। बृहस्पतिवार की देर रात जब होटल कर्मियों ने कमरे का दरवाजा खटखटाया तो काफी देर तक कोई उत्तर नहीं मिला और दरवाजा भी नहीं खुला। जिसके बाद होटल कर्मियों ने कोतवाली नगर पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे कोतवाली नगर प्रभारी अरुण पवार ने बताया कि दूसरी चाबी से कमरा खोलने पर शव पंखे से फंदे पर लटका मिला। बेड पर बिछाने वाली चादर से उसने फंदा लगाकर जान दी है। शव को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। शुक्रवार की शाम इसका सीनियर इंजीनियर श्रीनिवासन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा। उसके बाद आगे की कार्रवाई की गई।
श्रीनिवासन ने बताया कि जे. जयसूर्य अपने शहर चेन्नई की ही एक लड़की से फोन पर बात करता था। उसी से किसी बात के लेकर विवाद हो गया। जिसके चलते इसने बृहस्पतिवार की देर रात फंदा लगाकर जान दे दी। श्रीनिवासन पोस्टमार्टम के बाद शव को लेकर टैक्सी से दिल्ली और वहां से हवाई एंबुलेंस से घर तक पहुंचेंगे। सीओ सिटी विक्रांत द्विवेदी का कहना है कि सर्विस इंजीनियर ने आत्महत्या की है। परिवार वालों को सूचना दी गई, जो शुक्रवार देर शाम तक नहीं पहुंचे।