एटा। एक ओर विद्युत विभाग लाइनलॉस की समस्या से जूझ रहा है। वहीं बकाया वसूलने और बिजली चोरी रोकने के लिए अधिकारी कनेक्शन काट जाते हैं, और लाइनमैन दो-दो हजार रुपये लेकर जोड़ आते हैं। इससे विभाग का घाटा लगातार बढ़ता जा रहा है।
ऊर्जा मंत्री द्वारा 25 प्रतिशत तक लाइनलॉस लाने के निर्देश पर बिजली विभाग के अधिकारियों द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में गत दिनों कांशीराम कॉलोनी में अधिकारियों द्वारा चेकिंग अभियान चलाकर मीटर उखाड़ ले गए थे। पराग डेरी के पास स्थिति कांशीराम कॉलोनी निवासी राजू और सोनू ने बताया कि अभियान के दौरान किसी पर 40 हजार तो किसी पर एक लाख रुपये तक का बिल बकाया था। बताया कि कनेक्शन काटने के बाद विभाग के कर्मचारी कॉलोनी में आए और बिजली देने के नाम पर लोगों से दो- दो हजार रुपये की मांग की। विक्की और भोला ने बताया इन लोगों का कहना था जो व्यक्ति दो हजार रुपये देगा उसे कटिया डालने की अनुमति दे दी जाएगी। बताया कि कॉलोनी के चार लोगों ने उन्हें दो-दो हजार रुपये दिए और अपनी केबल बंधवा ली है।
कनेक्शन काटने के बाद कर्मचारियों द्वारा रुपये लेकर केबल जोड़ने के मामले की जानकारी नहीं हैं। मामले की जांच कराई जाएगी और दोषी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।
आरबी राय, अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड शहरी