निरीक्षण करते संयुक्त शिक्षा निदेश जितेंद्र मलिक
- फोटो : ETAH
एटा। संयुक्त शिक्षा निदेशक माध्यमिक शिक्षा ने मंगलवार को आरएलसीएस इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। शाम की पाली में अर्थशास्त्र परीक्षा में पहुंची टीम ने अन्य परीक्षा केंद्रों का भी निरीक्षण किया।
परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण जारी है। मंगलवार को मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक जितेंद्र कुमार मलिक ने केंद्रों का जायजा लिया। परीक्षा छूटने से तीस मिनट पहले पहुंचे जेडी के दस्ते ने परीक्षार्थियों की कापियां देखीं। साथ ही कक्ष निरीक्षक, सचल दल के परिचय पत्र भी देखे।
बिजली न होने पर जेडी मलिक ने बच्चों से अंधेरे के बारे में पूछा। साथ ही केंद्र व्यवस्थापक को रोशनी की व्यवस्था के भी निर्देश दिए। इस दौरान प्रश्नपत्रों एवं उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा व्यवस्थाओं के साथ इनका मिलान भी किया। इस दौरान स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं सह केंद्र व्यवस्थापक से भी आख्या ली। साथ ही पूर्व दिनों की सीसीटीवी रिकार्डिंग भी देखी।
जिले की परीक्षा व्यवस्थाएं सुधरीं
अमर उजाला से हुई बात में संयुक्त शिक्षा निदेशक मलिक ने कहा कि इस बार जिले में परीक्षा व्यवस्थाएं अच्छी रहीं। नकल विहीन परीक्षाओं के लिए डीआईओएस के साथ जिला प्रशासन का भी विशेष सहयोग रहा है। जिलाधिकारी व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा भी नियमित परीक्षा केंद्रों को देखा गया है।