शीतलपुर ब्लॉके कुसाड़ी प्राथमिक विद्यालय में निरीक्षण करते सीडीओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद मिश्रा। स्
एटा। मुख्य विकास अधिकारी ने मंगलवार को विकास खंड शीतलपुर के प्राथमिक विद्यालय कुसाड़ी, पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय पंवास, विकास खंड सकीट के उच्च प्राथमिक विद्यालय हीरापुर व प्राथमिक विद्यालय इंग्लिश मीडियम चिलसानी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी विद्यालयों में कर्मचारी समय पर उपस्थित मिले। उन्होंने विद्यालयों की सफाई व्यवस्था को बेहतर रखने पर जोर दिया।
सीडीओ राजेंद्र प्रसाद मिश्र ने छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, परिसर में साफ-सफाई व शिक्षण कार्य की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। प्राथमिक विद्यालय कुसाड़ी में उन्होंने संस्कृत व अंग्रेजी की पुस्तकें लेकर स्वयं कक्षा में बच्चों को पढ़ाया और शिक्षण की गुणवत्ता की प्रत्यक्ष जांच की। उन्होंने समस्त विद्यालयों में साफ-सफाई की व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने, बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने व नए छात्र नामांकन को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। सीडीओ ने कहा कि नियमित निरीक्षण व गुणवत्तापूर्ण शिक्षण से ही विद्यालयों का स्तर और बेहतर किया जा सकता है।
खुले मसाले के उपयोग पर बिफरे आपूर्ति निरीक्षक
अलीगंज। आपूर्ति निरीक्षक हरीश रंजन और धारणा चौहान ने नगला किस के उच्च प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण में मिड-डे-मील में बनने वाले भोजन में खुले मसाले का उपयोग किए जाने पर नाराजगी जताते हुए ब्रांडेड मसाले का उपयोग करने की हिदायत दी है।
विद्यालय पहुंचे दोनों आपूर्ति निरीक्षक ने सबसे पहले बच्चों की संख्या चेक की। बच्चों की कम उपस्थिति नाराजगी जताई। स्कूल की रसोई में तैयार हो रहे भोजन की गुणवत्ता शासन के मानक के अनुसार न होने पर सुधारने की हिदायत दी। विद्यालय में उचित सफाई व्यवस्था न मिलने पर नियमित सफाई कराने को कहा।