जलेसर। पूर्व बार अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता नेत्रपाल सिंह बघेल पर हुए जानलेवा हमले के मामले में तहसील बार एसोसिएशन जलेसर ने पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जताई है।
अधिवक्ताओं ने नगर पालिका जलेसर पहुंचे आगरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी. सिंह बघेल को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ शीघ्र और सख्त कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में कहा कि 19 सितंबर की शाम करीब 6:45 बजे नामजद आरोपियों ने अधिवक्ता के घर में घुसकर हमला किया जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हुए। अधिवक्ताओं का आरोप है कि सूचना के बावजूद पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज नहीं की।
उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद 20 सितंबर को छह नामजद आरोपियों व अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली। एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि पुलिस धाराओं में बदलाव कर आरोपियों को राहत देने का प्रयास कर रही है। साथ ही परिजन को धमकियां मिलने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।