घंटाघर मार्ग स्थित दुकानों पर फूलों की बिक्री करते दुकानदार ।संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। विधानसभा चुनाव को लेकर फूलों का कारोबार भी गुलजार हो रहा है। नेताजी के स्वागत के लिए फूल और मालाओं के जमकर ऑर्डर मिल रहे हैं। जिसके चलते फूलों की मांग काफी बढ़ गई है। पहले जहां दो क्विंटल प्रतिदिन खपत होती थी, अब चार क्विंटल तक पहुंच गई है। जबरदस्त मांग को देखते हुए फूल विक्रेताओं ने इनके दाम दोगुने तक कर दिए हैं।
विधानसभा चुनाव को लेकर इन दिनों प्रत्याशी और राजनीतिक दलों के पदाधिकारी लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं। बैठकें हो रही हैं और जगह-जगह उनके स्वागत कार्यक्रम किए जा रहे हैं। ऐेसे में नेताजी के स्वागत के लिए फूल और माल्यार्पण के लिए फूलमालाओं की मांग बेहद ज्यादा है। चुनाव की वजह से फूल कारोबार महक रहा है। मांग को देखते हुए 150 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से बिकने वाला गुलाब का फूल अब 400 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से बेचा जा रहा है। वहीं गेंदा का फूल सौ रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से बिक रहा है। जबकि इससे पहले यह 70 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से बिक रहा था।
वैवाहिक कार्यक्रमों के चलते भी मांग
फूल कारोबारी राम सिंह ने बताया कि वर्तमान में चुनाव के साथ ही विवाह का सीजन भी चल रहा है। जिसके चलते सजावट के साथ दूल्हा-दुल्हन के लिए माला के साथ अन्य मालाएं तैयार की जा रहीं हैं। इस बार विधानसभा चुनाव साथ में होने की वजह से मांग बहुत अधिक बढ़ गई है। आगरा व बरेली से फूलों को मंगाया जा रहा है।
रोजाना आ रहे 30 से 40 कार्यकर्ता
मेहता पार्क रोड के फूल व्यवसायी ओमप्रकाश ने बताया कि विधानसभा चुनाव होने की वजह से रोजाना विभिन्न दलों के 30 से 40 कार्यकर्ता गुलाब के फूल के साथ मालाएं खरीदने के लिए आ रहे हैं। चुनाव की वजह से बिक्री अधिक हो रही है।