एटा। थाना मिरहची क्षेत्र के गांव बुरहनाबाद में एक युवक का शव घर के आंगन में मिला। भाई ने गांव के पूर्व प्रधान पर हत्या का और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। बताया कि मामला जमीन की खरीद-फरोख्त का है।
गांव बुरहनाबाद निवासी सूरज उर्फ प्रभाकर की मौत हुई है। भाई राजपाल सिंह ने बताया कि वह दिल्ली में रहकर पेंटिंग का काम करता है। भाई यहीं रहकर मजदूरी करते हैं। 5वें नंबर के भाई अतिवीर सिंह ने 3 वर्ष पूर्व अपने फूफा होरीलाल निवासी दोकेली थाना ढोलना जिला कासगंज से एक प्लॉट खरीदा था। होरीलाल ने रिश्तेदारी का हवाला देते हुए बैनामा नहीं किया, बल्कि एक स्टांप पेपर पर बिक्री की बात लिखी थी। कुछ समय बाद हमारे गांव के एक पूर्व प्रधान ने उस प्लाट का बैनामा करा लिया। इस बारे में हम लोगों को जानकारी नहीं थी।
आरोप है कि 1 दिसंबर को अतिवीर सिंह जब प्लाट पर निर्माण कार्य कराने पहुंचा, तो वहां पूर्व प्रधान ने विरोध करते हुए पीटा। जातिसूचक शब्द बोलते हुए गालियां दी और थाने में सूचना देकर जेल भिजवा दिया। पूरे दिन भाई जब घर नहीं पहुंचा तो सबसे छोटे भाई सूरज उर्फ प्रभाकर ने उस सब जगह ढूंढ़ा। अंत में पूर्व प्रधान के घर पर पहुंचा तो उन्होंने सूरज को गालियां देते हुए पीटा और घर से भगा दिया। राजपाल ने आरोप लगाया है कि सूरज जब घर आ गया तो रात में उसकी हत्या कर दी गई। गले पर निशान हैं, इसलिए लगता है कि गला दबाकर हत्या की गई है।
सीओ सदर संजय सिंह ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। फिलहाल मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता लग सकेगा। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।