तुम काली और पतली हो शादी करके पछता रहा हूं। ऐसे पति ताना मारता था और अतिरिक्त दहेज में 10 लाख रुपये, सोने की चेन व अंगूठी की मांग करता था। मांग पूरी न करने पर बृहस्पतिवार को मारकर फंदे पर लटकाने का आरोप लगाते हुए पिता ठाकुरदास ने देवराज सहित 3 लोगों के खिलाफ थाना निधौली कलां में रिपोर्ट दर्ज कराई है। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
गांव बढ़ेरा कोतवाली देहात निवासी बृजपाल ने शुक्रवार को पोस्टमार्टम हाउस पर बताया कि बहन आरती (22) का विवाह 22 फरवरी 2025 को गांव गढ़िया थाना निधौली कलां निवासी देवराज उर्फ सोनू के साथ किया था। सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज और घर-गृहस्थी का सामान दिया। कुछ दिन बाद ही बहनोई देवराज व उनके पिता लालसिंह और मां श्यामा देवी बहन से अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे न दे पाने पर शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। आरती को देवराज काफी परेशान करता था और काली व पतली कहकर ताना मारता था।
बृहस्पतिवार को इन लोगों ने मिलकर आरती को पीटा और गला दबाकर की हत्या कर दी। इसके बाद खुदकुशी दर्शाने के लिए शव को उसी की साड़ी का फंदा बनाकर कमरे में पंखे के कुंदे से लटका दिया। जानकारी मिलने पर रात में हम लोग गांव पहुंचे। मृतका के पिता ठाकुरदास ने बताया कि पहले भी 3 बार देवराज को समझाने का प्रयास किया था। इसके बावजूद भी वह नहीं सुधरा और बेटी की हत्या कर दी।
सीओ जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मामले की गहनता के साथ जांच-पड़ताल की जा रही है। प्रथम दृष्ट्या मामला खुदकुशी का ही लग रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता लग पाएगा।