एटा। थाना मलावन क्षेत्र में हाईवे स्थित गांव सेंथरी के पास संदिग्ध हालत में आगरा के युवक का शव शुक्रवार रात पड़ा मिला। तलाशी के दौरान ड्राइविंग लाइसेंस मिलने पर पहचान हुई। उसके भाई ने आगरा के ही ट्रक मालिक पर हत्या का आरोप लगाया है।
जिला आगरा थाना हरीपर्वत क्षेत्र स्थित मोहल्ला खंदारी निवासी जयप्रकाश (34) का शव मिला है। उसके भाई सत्यप्रकाश ने बताया कि मोहल्ले का ही ट्रक मालिक हर्रो शुक्रवार सुबह जयप्रकाश को घर से बुलाकर अपने साथ ट्रक पर लाया था। शुक्रवार की रात एटा पुलिस ने सूचना देकर शव मिलने की बात बताई। सत्यप्रकाश का आरोप है कि हर्रो भाई की हत्या कर ट्रक सहित फरार हो गया। हत्या करने की वजह स्पष्ट नहीं की गई है।
प्रभारी निरीक्षक सीताराम सरोज ने बताया कि हादसे की सूचना पर डायल 112 की पीआरवी युवक को सेंथरी के पास से रात में उठाकर जिला अस्पताल लेकर पहुंची। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। तलाशी के दौरान युवक के पास से ड्राइविंग लाइसेंस मिला, उसी के आधार पर परिजनों को सूचना दी गई। प्रथम दृष्टया मामला हादसे का ही प्रतीत हो रहा है। जिस ट्रक स्वामी की बात कही जा रही है, वह मौके से फरार क्यों हुआ यह संदिग्ध है। तहरीर दी जाती है तो मामला दर्ज कर पड़ताल की जाएगी।