मारहरा। क्षेत्र में डेंगू ने दस्तक दे दी है। कई लोग बुखार से पीड़ित चल रहे हैं। क्षेत्र के गांव नगरिया बीच में एक मासूम सहित तीन लोगों में डेंगू की पुष्टि होने से गांव के लोगों में चिंता का माहौल है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में जांच कर दवा वितरण किया।
क्षेत्र के गांव नगरिया बीच में बुखार से पीड़ितों की संख्या अचानक बढ़ गई है। इस पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को रोगियों की जांच के लिए सैंपल लिए थे। शुक्रवार को आई रिपोर्ट में दो वर्षीय बच्ची, 40 वर्षीय पुरुष एवं एक महिला डेंगू पॉजिटिव पाए गए। इस पर शनिवार को एटा की एएलएस टीम एवं मिरहची प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की आरबीएसके टीम ने गांव में शिविर लगाकर अन्य मरीजों की जांच की। इस दौरान बीस लोगों के रक्त के सैंपल लिए गए।
वहीं गांव में फॉगिंग एवं एंटीलार्वा दवा का छिड़काव कराया गया। बुखार पीड़ितों को दवा का वितरण किया गया। टीम में डॉ. केके गुप्ता, यादवेंद्र यादव, बिजेंद्र सिंह, वेदप्रकाश आदि मौजूद रहे।