मोहनपुर से कर्णवास बैलोन मैया की जात के लिए श्रद्धालुओं को लेकर जा रही ट्रैक्टर ट्राली ग्राम भिलौली के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 17 ग्रामीण घायल हो गए। जबकि दो को गंभीरावस्था में जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
कर्णवास बैलोन मैया के दर्शन के लिए कसबा मोहन से श्रद्धालु ट्रैक्टर ट्राली में सवार होकर जा रहे थे। अपराह्न एक बजे भिलौली के नजदीक ब्रेक जाम होने से ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित हो गई और सड़क पर पलट गई, जिससे श्रद्धालुओं में चीख पुकार मच गई। राहगीरों एवं ग्रामीणों ने ट्रैक्टर ट्राली के नीचे दबे श्रद्धालुओं को बचाया। हादसे में राजीव(15), सरस्वती (16), महादेवी (40), अशोक (50), चिंकी (15), श्यामादेवी(40), रजनेश (3), अनीता (30), रेखा (25), दीक्षा(चार माह), प्रेमपाल (45), रेखारानी (20), कनही (3), ममता देवी (35), देवेंद्र (35), काजल (आठ), दिलीप (छह) घायल हो गए। ग्रामीणों ने एम्बुलेंस से घायलों को सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्रेमपाल एवं देवेंद्र को गंभीरावस्था में जिला अस्पताल रेफर कर दिया।