मोहल्ला मोरी में बहु ने सास की गला दबा कर हत्या कर दी। ससुर ने बहु के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी बहु को हिरासत में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए एटा भेजा गया है।
ब्रहमादेवी (60) का अपनी पुत्रवधु पूजा पत्नी प्रदीप कुमार से गैस खत्म हो जाने पर विवाद हो गया। विवाद ने काफी तूल पकड़ लिया। सास ने बहू के बाल पकड़ लिए, जब सास ने बहु के बाल नहीं छोड़े तो वह काफी क्रोधित हो उठी। उसने अपनी सास का गला दबा दिया। इसके बाद उनकी गर्दन पर पांच किलो के बांट से प्रहार कर दिया। इससे उनकी मौत हो गई। इस समय अन्य सभी परिजन घर के बाहर थे। जब परिजन अंदर आए तो ब्रहमादेवी को जमीन पर पड़ा देखा तो बहु से पूछताछ की। बहु द्वारा घटना बताए जाने पर परिजन चकित रह गए। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एटा भेज दिया। घटना की तहरीर ससुर अच्छन लाल शर्मा ने पुलिस को दी है। पुलिस ने तहरीर के बाद बहु को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मामला भी दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी रफत मजीद ने बताया कि विवाद के चलते बहु ने सास की हत्या कर दी।