थाना क्षेत्र के गांव नगला बदिक के खेत में एक विवाहिता का शव पड़े होने की सूचना से गांव में सनसनी मच गई। शव की शिनाख्त होने के बाद मामले का खुलासा हुआ। महिला के परिवारीजनों ने अवैध संबंधों के चलते विवाहिता की हत्या कर देने का आरोप दो सगे भाईयों पर लगाया है, जिसकी प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
नीतू(21) पुत्री बुद्धसेन निवासी नगला बदिक का विवाह सिढ़पुरा क्षेत्र के गांव नाथपुर निवासी ओमवीर के साथ हुआ था। 13 मई को नीतू अपने देवर थान सिंह के साथ कासगंज में अपने चाचा बिहारीलाल के यहां छोड़ गया था।
चाचा के घर से वह सोमवार को मौसी के घर की कहकर निकली और राज कोल्ड स्टोर चौराहे से अपने प्रेमी युवक जमीर व उसके भाई अमीर के साथ चली गई। इसके बाद रात में विवाहिता का पता नहीं लगा, सुबह उसका शव खेत में पड़ा हुआ पाया गया। युवती के भाई लोकेंद्र ने अवैध संबंध एवं हत्या का आरोप लगाते हुए, जमीर व अमीर के खिलाफ हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पुलिस इस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। विवाहिता की हत्या कारण दम घोटकर मारना प्रतीत हो रहा है, क्योंकि उसके शरीर पर कोई निशान नहीं है। सहावर के थाना प्रभारी कोमल सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का सही कारण सामने आएगा। अभी हत्या का कारण स्पष्ट नहीं है।