50 हजार के पूर्व इनामी सोनू के नाम से आई कॉल
- फोटो : demo
वाराणसी के एक साड़ी कारोबारी को गाजीपुर जेल से फोन कर रंगदारी मांगी गई है। फोन करने वाले ने खुद को गाजीपुर जेल में निरुद्ध नरोत्तमपुर निवासी बदमाश मनीष सिंह उर्फ सोनू बताया है। सोनू पहले 50 हजार का इनामी था।
पुलिस ने कारोबारी द्वारा उपलब्ध कराई गई सीसीटीवी फुटेज और फोन कॉल वाइस रिकार्डिंग के आधार पर मंगलवार को बेटावर निवासी गोलू सहित अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
करौंदी निवासी साड़ी कारोबारी मंगलवार को लंका थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया कि 13 मई को उनके साड़ी के कारखाना पर तीन लोग आए और उनके स्टाफ से गालीगलौज कर उनका मोबाइल नंबर ले गए।
इस पर उन्होंने कारखाने में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की तो धमकाकर मोबाइल लेने वाले बदमाशों में से एक की शिनाख्त बेटावर निवासी गोलू के तौर पर हुई। कारोबारी ने बताया कि उसी रात उनके मोबाइल पर दो बार कॉल आई।
फोन करने वाले ने खुद को गाजीपुर जेल में निरुद्ध मनीष उर्फ सोनू बताया। कहा कि अपने लड़कों को भेजकर तुम्हारा नंबर मंगवाया था और अब वही तुम्हारे पास जाएंगे तो उन्हें रंगदारी के रुपये दे देना। रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
सीओ भेलूपुर अखिलेश सिंह ने बताया कि कारोबारी की तहरीर पर गोलू सहित अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा रंगदारी मांगने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जिस मोबाइल नंबर से फोन आया था उसकी जांच सर्विलांस की मदद से कराई जा रही है।