सहावर-कासगंज रेल मार्ग पर बुधवार को सुबह हाईस्कूल के छात्र छात्रा ने प्रेम कहानी के बीच जाति के बंधन के आ जाने के कारण ट्रेन के आगे छलांग लगाकर आत्म हत्या कर ली। प्रेमिका के परिवारीजन उसके शव को कब्जे में लेकर गांव में अंतिम संस्कार कर दिया। जबकि प्रेमी छात्र के शव का पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया है। प्रेमी छात्र के परिवारीजन एवं ग्रामीण ऑनर किलिंग की आशंका जता रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बुधवार को प्रात: करीब सात बजे कासगंज से सहावर की ओर जाने वाली मालगाड़ी के आगे छलांग लगाकर छात्र आकाश(19) पुत्र चौहान सिंह निवासी कछेला शेरपुर एवं उसकी प्रेमिका छात्रा हीरेश(18) पुत्री रामसिंह निवासी ललूपुरा ने आत्म हत्या की। बताया गया कि उनके प्रेम में जाति विभिन्नता के कारण बाधा बन रहे परिवार की बंदिशों के चलते आत्म हत्या की। ट्रेन की चपेट में आकर शव क्षत विक्षत हो गए। ग्रामीणों को जब मामले की जानकारी हुई तो वे रेलवे ट्रेक पर पहुंचे। पुलिस जब तक मौके पर पहुंचती इससे पहले ही प्रेमिका हीरेश के शव के उसके परिवारीजन गांव ले गए और उसका अंतिम संस्कार कर दिया। जबकि आकाश के शव को भी उसके परिवारीजन और ग्रामीण अपने गांव ले गए। पुलिस घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे। बाद में पुलिस दोनों के गांव में पहुंची। प्रेमिका के परिवार व गांव में सन्नाटा था जबकि आकाश के गांव परिवारीजनों में कोहराम का आलम था। आकाश के परिवारीजन सुसाइड नोट मिलने के बाद भी मामले को आत्महत्या मानने को राजी नहीं थी। वे प्रेमिका के परिवारीजनों द्वारा ऑनर किलिंग करने का आरोप लगा रहे थे। आकाश के पिता दिल्ली में काम करते हैं। जब शाम को वह वापस गांव पहुंचे तब पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस मामले को लेकर क्षेत्र में तरह तरह की चर्चाएं रहीं। प्रेमी के गांव में आक्रोश की स्थिति को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह ने अतिरिक्त पुलिसबल की तैनाती कर दी। थाना प्रभारी रफत मजीद ने बताया कि मौके से प्रेमी के द्वारा लिखा गया सुसाइड नोट मिला है। मामला प्रेम प्रसंग का है। लड़का दलित वर्ग का है और लड़की लोधी वर्ग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।