कोतवाली नगर के मोहल्ला नई बस्ती के रहने वाले आढ़ती के बंद मकान का ताला तोड़कर चोर गहने, नगदी समेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर ले गए।
मोहल्ले की रहने वाली मिथेलश कुमारी परिवार के साथ कई दिनों से बाहर गई हुई थी। घर में बंद तोड़कर मंगलवार रात चोर घुस गए। कमरे और अलमारी, संदूक का ताला तोड़ कर लाखों के जेवरात, नकदी आदि सामान चोरी कर लिया। सुबह होने पर पड़ोसियों ने दरवाजे के ताले टूटे देखे, तो उनके होश उड़ गए।
लोगों ने घटना की जानकारी गृहस्वामी को दी। वहीं क्षेत्र में चोरी की घटनाएं आम हो गई हैं। इसी तरह हुई लूट की एक घटना को दर्ज करने में अवागढ़ पुलिस को पूरा एक महीना लग गया। एक माह बाद लूट की रिपोर्ट चोरी में दर्ज कर पुलिस ने मामले पर पर्दा डाल दिया।
आखिरकार पुलिस ने माना हुई है चोरी
एटा। अवागढ़ के गांव वसुंधरा निवासी सुनील एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। किला रोड पर लघुशंका करने के लिए वह रूके थे, तभी चोर बाइक पर रखा कैमरा, मोबाइल आदि सामान ले भागे। इस घटना में रिपोर्ट लिखने में पुलिस आना-कानी करती रही। एक महीने बाद पुलिस ने लूट की इस घटना को चोरी होना मानते हुए एफआईआर लिखा था, लेकिन खुलासा अब तक नहीं हो सका।
वहीं जशरथपुर के गांव महाराजपुर निवासी ब्रह्मानंद की गाड़ी में रखी बंदूक 13 दिसंबर को चोरी हो गई थी। इसी तरह सकीट के गांव इशारा पूर्वी निवासी किशनवीर की भैंस 19 दिसंबर की रात को चोर खोलकर हांक ले गए। वहीं गांव असरौली निवासी रविंद्र मिश्र की की बाइक 15 दिसंबर को कचहरी स्थित कार्यालय के बाहर से चोरी चली गई थी। तीनों पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।