बड़ा गांव कोटरा में मंगलवार रात बरात चढ़ाने के दौरान रंगशाला में शामिल नर्तकी के साथ हुई छेड़खानी की घटना ने बुधवार को तूल पकड़ लिया। दोपहर करीब 12 बजे दो समुदायों के लोग भिड़ गए। पथराव और फायरिंग हुई। गोली लगने से रहीस (30) की मौत हो गई, जबकि एक बालक सहित करीब 11 लोग घायल हो गए। पुलिस ने महिला ग्राम प्रधान समेत नौ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात कर दी गई है।
हारुन (30), शादाब (16), अंसार आलम (25), जुबैर (17) और रहमत को भी गोली लगी है। इन्हें गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर कर दिया गया है। फिरोज (18), दिलशाद (35), गुरफान (18), मुस्लिम (20), फैजान (8) और दूसरे पक्ष से राजेंद्र (30) पथराव में घायल हुए हैं, जिनका जिला अस्पताल में इलाज कराया गया।
बताया जा रहा है कि मंगलवार रात डोरी सिंह की पुत्री सीता की बारात आई थी। बारात में रंगशाला भी शामिल थी। बरात जब रफात अली के घर के सामने से गुजर रही थी, तभी दूसरे समुदाय के कुछ युवकों ने रंगशाला में शामिल नर्तकी के साथ छेड़छाड़ कर दी। लड़की पक्ष व बरातियों ने इसका विरोध किया और रफात अली के साथ मारपीट कर दी। मामले में वीरेंद्र, रामवीर, नन्हे और प्रधानपति राजपाल के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई। इसके बावजूद पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। बुधवार को फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। और पथराव व फायरिंग शुरू हो गई। गोली लगने से घायल रहीस की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।
घटना की सूचना पर एसपी सुनील कुमार, अपर जिलाधिकारी बाल मंयक मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक राधे मोहन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले को शांत कराया। ग्राम प्रधान मीरा देवी, मेवा राम, महाराज सिंह, संदीप, नन्हें, राजपाल, रामवीर और वीरेंद्र के खिलाफ घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने राजपाल और संदीप को हिरासत में ले लिया है।