मलावन थाना क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने रिलायंस कंपनी के कैश पिकअप एजेंट से 7.71 लाख रुपये लूट लिए। विरोध करने पर लुटेरों ने तमंचे की बट से प्रहार करके उसे लहूलुहान कर दिया। लूट की सूचना लगते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। लखनऊ में मुख्यमंत्री की बैठक से लौट रहे एसएसपी, एएसपी, सीओ भी तत्काल मौके पर पहुंचे।
नई बस्ती भगीपुर निवासी चंद्रशेखर गुप्ता रिलायंस की कैश मैनेजमेंट कंपनी रेडिएंट कंपनी में कैश पिकअप एजेंट के पद पर तैनात है। गुरुवार को वह मलावन स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप से 7,71,235 रुपये लेकर आईसीआईसीआई और पीएनबी बैंक में जमा कराने बाइक से एटा लौट रहा था। दोपहर करीब 12.30 बजे जैसे ही वह गांव आसपुर के समीप पहुंचा, तभी उसके सेलफोन पर कॉल आ गई। वह बाइक रोक कर मोबाइल पर बात करने लग, तभी पीछे से आए अपाचे सवार दो युवक उससे रूपयों से भरा बैग छीनने लगे। विरोध करने पर बदमाशों बाइक पर लात मार कर उसे गिरा दिया। तमंचे की बट से सिर में प्रहार करके उसे लहूलुहान करके सारा कैश लूट ले गए। जख्मी होकर गिरे चंद्रशेखर ने किसी तरह घटना की जानकारी पुलिस को दी। लूट की खबर लगते ही हड़कंप मच गया। फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे एसओ ने हुलिया आदि पूछकर बदमाशों की तलाश शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
बदमाशों ने मचा रहा है उत्पात
जिले में अपाचे सवार बदमाश लगातार लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, लेकिन पुलिस इनका कोई सुराग नहीं लगा पा रही है। 15 दिनों में ही देखें तो अलीगंज, जैथरा, नयागांव के बाद गुरुवार को भी अपाचे बाइक सवार बदमाशों ने रिलायंस कंपनी के कर्मचारी से 7.71 लाख रुपये लूट लिया।
रिलायंस की कैश मैनेजमेंट कंपनी रेडियंट के एजेंट से बाइक सवार बदमाशों ने 7.71 लाख रूपये लूटे हैं। बदमाशों की तलाश में टीमें लगा दी गई है। जल्द ही लुटेरों की धरपकड़ कर ली जाएगी।
अजय शंकर राय, एसएसपी एटा।