एटा। आबकारी विभाग टीम की ओर से बुधवार की देर शाम कोतवाली नगर के मोहल्ला मारहरा गेट स्थित एक दुकान पर छापा मारकर दो हजार से अधिक अवैध क्वार्टर बरामद किए। विभाग की ओर से कार्रवाई कर लाइसेंस निलंबित कर अनुज्ञापी सहित दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जिला आबकारी अधिकारी अभय सिंह गंगावार ने बताया है कि कई दिनों से सूचना मिली रही थी कि मारहरा गेट स्थित अनुज्ञापी अखिलेश कुमारी के नाम से दुकाने हैं। इस पर अवैध और नकली शराब की बिक्री हो रही है। सूचना पर आबकारी निरीक्षक अवनीश पांडेय, दिनेश पासवान और निहांत यादव को टीम के साथ छापा मारने के लिए भेजा। टीम ने दुकान पर शराब की जांच की तो पता चला कि कुछ शराब की पेटियां नकली हैं। सेल्समैन भीमसैन पुत्र सूरज सिंह निवासी नगला पोता से सख्ती के साथ पूछताछ की गई तो उसने बताया कि दुकान स्वामी माधो सिंह के मकान में गोदाम बना रखा है।
यहां पर ही अवैध नकली शराब को रखा जाता है। टीम ने गोदाम पर छापा मारा तो उसमें दो हजार से अधिक अवैध नकली शराब ब्रांड मस्ती, 730 क्वार्टर के ढक्कन और 3215 रुपये बरामद किए गए। आबकारी अधिकारी ने बताया है कि दुकान का लाइसेंस निलंबित कर अनुज्ञापी अखिलेश कुमारी पत्नी रविंद्रपाल सिंह निवासी जीटी रोड और भीमसैन पुत्र सूरजपाल निवासी नगला पोता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने भीमसैन को बृहस्पतिवार की सुबह गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।