एटा। रंजिश में बृहस्पतिवार की देर शाम एक युवक को स्कार्पियो सवार उठाकर ले गए। पुलिस ने खबर मिलने के बाद चार घंटे के अंदर ही फिरोजाबाद सीमा से युवक को बरामद कर लिया। युवक की ओर से अपहरण कर हत्या करने का आरोप लगाया जा रहा है। कार सवारों की ओर से की गई पिटाई से युवक घायल हुआ है। वहीं वह गोली मारने और उंगली काटने का आरोप भी लगा रहा है। भाई शीलेंद्र कुमार ने इस मामले में छह युवकाें के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना पिलुआ क्षेत्र के अरथरा नहर पुल के पास से स्कार्पियो कार सवार लोग राजेश उर्फ राजू पुत्र विजय सिंह निवासी गूदरगंज थाना निधौलीकलां को उठाकर ले गए। युवक बाइक से जा रहा था तभी कार सवारों ने वारदात को अंजाम दिया। उसका दूसरा साथी भागने में सफल रहा, उसने डायल 112 पर अपहरण की सूचना दे दी। एएसपी ओपी सिंह ने बताया है कि खबर मिलने के बाद आरोपियों का पीछा कर अवागढ़ से फरिहा जाने वाले मार्ग से युवक को बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में सामने आया है कि राजेश की ओर से 10 दिन पूर्व कुछ लोगों के साथ मारपीट की गई थी। इसी रंजिश को लेकर कार सवारों ने राजेश को पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने के लिए उठा ले गए। घायल युवक का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, इसमें आरोप लगाया जा रहा है कि उसकी हत्या करने के इरादे से अपहरण किया गया था, एक गोली मारी गई जो हाथ में लगी और आरोपियों ने एक हाथ की उंगली भी काट दी है। भाई शीलेंद्र कुमार ने विकास, सतेंद्र, सौरभ, गौरभ, विवेक और प्रफुल्ल के खिलाफ अपहरण करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।