जिला अस्पताल में भर्ती गोली कांड का घायल
- फोटो : ETAH
एटा। थाना जैथरा क्षेत्र के गांव दहेलिया में एक सप्ताह से पालतू कुत्ते को लेकर विवाद चला आ रहा था। रविवार को मामले के निपटारे के लिए गांव में पंचायत बुलाई गई। नामजद ने भरी पंचायत में अधेड़ को गोली मारकर घायल कर दिया। गंभीर हालत में घायल को आगरा रेफर किया गया है। घायल की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रविवार की सुबह गांव दहेलिया में पंचायत चल रही थी। पंचायत में राजेश कुमार मिश्रा (50) पुत्र यदुनाथ मिश्रा निवासी दहेलिया को हत्या करने के इरादे से दीपक ने गोली मार दी गई। गोली राजेश मिश्रा की गर्दन में लगी। लहूलुहान हालत में घायल को पीएचसी जैथरा लाया गया, यहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद आगरा रेफर कर दिया गया।
घायल की पत्नी नीलम ने बताया है कि उन पर एक कुत्ता है, मकान के सामने ही दीपक तिवारी पुत्र सुशील तिवारी का घर है। दीपक की शिकायत थी कि कुत्ता उनके यहां गंदगी कर आता है। इसी बात को लेकर एक सप्ताह पहले कुत्ते की पिटाई की गई थी। विवाद बढ़ने पर डायल 112 को सूचना देकर बुलाया था। नीलम का आरोप है कि शनिवार को भी कुत्ते को पीटा गया और कहासुनी हुई थी। इसी बात को लेकर रविवार की सुबह पंचायत हो रही थी तभी दीपक तिवारी ने तमंचे से पति को गोली मारकर घायल कर दिया। घायल की पत्नी ने दीपक, लालू और अरविंद मिश्रा पुत्रगण सुशील मिश्रा निवासी दहेलिया के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।