न्यायालय का निरिक्षण करते डीएम सुखलाल साथ में एसएसपी सुनील कुमार
- फोटो : ETAH
एटा। बिजनौर में जज की कोर्ट में हुई घटना को दृष्टिगत रखते हुए डीएम सुखलाल भारती, एसएसपी सुनील कुमार सिंह और सीजेएम अनिल ने संयुक्त रूप से जनपद न्यायालय परिसर का निरीक्षण किया। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए मौजूद वादकारियों, अधिवक्ताओं से वार्ता की।
डीएम, एसएसपी, सीजेएम ने न्यायालय और कचहरी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को चेक किया। कचहरी परिसर में प्रवेश द्वार पर लगे डोर फ्रेम मैटल डिटेक्टर स्कैनर आदि की सघनता से जांच की। न्यायालय के गेट संख्या 1, 2, 3 एवं 4 पर मौजूद पुलिसकर्मियों से सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद बनाये रखने एवं अराजकतत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम को भी देखा। अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान पाया कि न्यायालय परिसर में कुल 20 कैमरे लगे हैं। डीएम ने कहा कि न्यायालय परिसर में कार्यरत कर्मचारियों, अधिवक्ताओं के आईडी कार्ड बनाये जाएंगे। इस अवसर पर एएसपी संजय कुमार, क्षेत्राधिकारी रामनिवास, अजय त्रिपाठी, जितेंद्र सिंह सहित भारी संख्या में पुलिसकर्मी आदि मौजूद रहे।