कलक्ट्रेट स्थित चैंबर के सामने एक पेड़ के नीचे बैठे लोग
- फोटो : ETAH
एटा। डीएम, दोनों एडीएम और सीडीओ सहित जिले के कई आला अधिकारी कोरोना संक्रमित आए हैं। इसके बाद भी अधिकारी और कर्मचारी सबक नहीं ले रहे हैं। साथ ही कलक्ट्रेट में गाइड लाइन की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। यहां आने वाले फरियादियों की न तो थर्मल स्क्रीनिंग ही हो रही है और न ही सैनिटाइजेशन। लोग भी बिना मास्क लगाए पहुंच रहे हैं, जिन्हें रोकने-टोकने वाला कोई नहीं है।
जिलाधिकारी के चैंबर में एसडीएम फरियादियों की समस्याएं सुन रहे थे। वहीं बाहर गेट पर थर्मल स्क्रीनिंग और सैनिटाजेशन करने वाले कर्मचारी लापता थे। ऐसे में लोग बिना सैनिटाइज के ही अधिकारियों के चैंबर में प्रवेश कर रहे थे। जबकि यही गलती पूर्व के अफसरों ने की। जिससे वह संक्रमण की चपेट में आ गए थे।
ब्लाक अवागढ़ के गांव टिकाथर के दर्जनों की संख्या में किसान ट्रैक्टरों में भरकर कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां इन्हें प्रवेश से रोकने, सैनिटाइजेशन और थर्मल स्क्रीनिंग की बात छोड़िए यह जांचने वाला भी कोई नहीं था कि यह लोग मास्क लगाए भी हैं या नहीं। किसानों का यह हुजूम घंटों कलक्ट्रेट में जमा रहा।