एटा। सकीट थाना क्षेत्र के गांव चिलमापुर निवासी एक व्यक्ति ने गांव की एक महिला की डीएम से शिकायत की है। जिसमें शिकायतकर्ता ने शैक्षिक अभिलेखों में हेराफेरी कर नौकरी करने का आरोप लगाया है। महिला शिक्षा विभाग में तैनात है।
गांव चिलमापुर निवासी सतीश ने डीएम को दिए शिकायती पत्र में बताया प्रमिला देवी गांव के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षा मित्र हैं। जो शैक्षिक अभिलेखों में उम्र की हेराफेरी कर नौकरी कर रहीं है। शिक्षा मित्र की जन्म तिथि एक दिसंबर 1974 है, लेकिन हाईस्कूल के प्रमाणपत्र में 2 जुलाई 1983 जन्मतिथि बताई गई है। जबकि शिक्षा मित्र के बड़े बेटे ने वर्ष 1996 में हाईस्कूल किया है। वहीं शिक्षा मित्र ने नौकरी के दौरान बीए वर्ष 2010 में किया है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने बीएसए से मामले की शिकायत की थी। तत्कालीन बीएसए संजय सिंह ने तीन सदस्यीय कमेटी का गठन कर जांच रिपोर्ट देने की बात कही थी। लेकिन अब तक कमेटी द्वारा जांच ही की जा रही है। बीएसए दिनेश कुमार ने बताया कि शिक्षा मित्र की जांच की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। पूरा मामला संज्ञान में है।