समिति कर्मियों ने किया प्रदर्शन
- फोटो : Amar Ujala
सहकारी बैंकों एवं समितियों के कर्मियों ने प्रचलन में बंद नोटों को एसबीआई में जमा न करने पर गुरुवार को हड़ताल रखी। जनपद भर की समितियों के कर्मियों ने जिला मुख्यालय पर एकत्रित होकर प्रदर्शन किया।
कोआपरेटिव बैंक एसोसिएशन के महामंत्री जितेंदर सिंह ने कहा कि सहकारी समितियों पर किसानों से 500 व 1000 रुपये के जो नोट लिए जा रहे हैं उनको भारतीय स्टेट बैँक जमा नहीं कर रहीं। इन बैंकों के खाता धारक काफी परेशान हैं।
उनका धन जमा नहीं हो पा रहा। सरकार को शीघ्र नोटों के लेने पर लगाई रोक को हटाना चाहिए।
सहावर में क्षेत्रीय सहकारी समिति सहावर, क्षेत्रीय सहकारी समिति बढ़ारीकलां, क्षेत्रीय सहकारी समिति तारापुर, क्षेत्रीय सहकारी समिति मोहनपुर एंव जिला सहकारी बैंक की स्थानीय शाखा में पूर्ण रूप से तालाबंदी रही । पटियाली में भी सहकारी बैंकों में हड़ताल रही।
पटियाली के शाखा प्रबंधक महेन्द्रपाल सिंह ने बताया कि 500 और हजार के नोट आरबीआई के आदेश पर सहकारी बैंक में जमा नहीं हो रहे हैं। इसके चलते सहकारी बैंककर्मियों ने कलमबंद हड़ताल की।