अलीगंज। सफाई कर्मचारियों की मनमानी के आगे ग्राम प्रधान के आदेश-निर्देश भी बेअसर हैं। वह प्रधान जी की नहीं सुनते। अलीगंज ब्लॉक की ग्राम पंचायत सरौतिया में कर्मचारी ने सफाई करने से साफ मना कर दिया। शुक्रवार को प्रधान पति शिकायत लेकर ब्लॉक कार्यालय पहुंचे।
ग्राम प्रधान ममता देवी के प्रतिनिधि अखिलेश कुमार ने बताया कि उनकी पंचायत में सफाई कर्मचारी अमर कुमार तैनात है। लेकिन वह दो महीने से सफाई करने नहीं आया। फोन पर उससे संपर्क किया तो उसने साफ मना कर दिया कि कार्य नहीं करेंगे और आप हमारा वेतन भी नहीं रुकवा पाएंगे।
उसने साफ कहा कि ब्लॉक मुख्यालय पर सुविधा शुल्क देकर वेतन निकलवा लेंगे। यही नहीं प्रधान प्रतिनिधि ने फोन पर सफाई कर्मचारी द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली देने का भी आरोप लगाया। एडीओ पंचायत एवरन सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है। शुरूआती जांच में पाया गया कि कर्मचारी ने कोई अवकाश नहीं लिया है। फिर भी यदि ड्यूटी पर नहीं पहुंच रहा है तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।