एटा। थाना जैथरा क्षेत्र के गांव रुपधनी में ननिहाल आया 4 वर्षीय हर्षित रविवार को शौचालय के निर्माणाधीन टैंक में गिरने से डूब गया। उसकी दर्दनाक मौत हो गई। इकलौते बेटे की मौत होने से मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है।
रुपधनी निवासी मनोज कुमार ने बताया कि गांव नगला थुली थाना सकीट निवासी बहन प्रीति शनिवार को मायके आईं थीं। रविवार की सुबह भांजा हर्षित घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। खेलते-खेलते पड़ोस में निर्माणाधीन मकान में बन रहे शौचालय के टैंक के पास पहुंच गया। इस टैंक में पानी भरा हुआ था। हर्षित किसी तरह टैंक में गिर गया और डूबने लगा। साथ के बच्चों ने शोर मचाकर अन्य लोगों को जानकारी दी। तब तक हर्षित डूब चुका था।
बालक को निकालकर परिजन मेडिकल कॉलेज लाए। यहां चिकित्सक ने उसको मृत घोषित कर दिया। परिजन बालक के शव को पोस्टमार्टम कराए बिना ही घर ले गए। इकलौते बेटे की मौत के बाद मां प्रीति और पिता रन सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में मातम पसरा हुआ है।