गरीबों का रसोई गैस पर खाना बनाने का सपना साकार होने जा रहा है। उज्जवला योजना के तहत मिलने वाले मुफ्त एलपीजी कनेक्शन के लिए आवेदकों की भीड़ गैस एजेंसियों पर लग रही है। लोगों के उत्साह का अंदाज इसी बात से लगाया जा सकता है कि अभी योजना को शुरू हुए 6 दिन ही हुए हैं और 10 हजार से अधिक आवेदन जाम हो चुके हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धुआं रहित चूल्हे के लिए एक मई को बलिया से उज्जवला योजना का शुभारंभ किया। योजना का शुभारंभ होने के साथ ही जिले में भी आवेदन जमा होने लगे। नगर में मां चामुंडा गैस एजेंसी एवं कर्तव्य भारत गैस एजेंसी पर बुकिंग हो रही है। लोगों की भीड़ को देखते हुए एजेंसी संचालक के हाथ पांव भी फूलने लगे हैं। अव्यवस्था से बचने के लिए पुलिस की मदद तक लेनी पड़ रही है। लोगों ने पीएम के इस कार्य की सराहना की है।
अंत्योदय व पात्र गृहस्थी राशन वाले होंगे पात्र
कासगंज। उज्जवला योजना के तहत आवेदन के लिए अंत्योदय एवं पात्र राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत पात्र गृहस्थी राशन कार्ड वाले ही पात्र होंगे। जिन परिवारों के पास पहले से गैस कनेक्शन होगा वह इस योजना के लिए अपना आवेदन नहीं कर सकेंगे।
योजना के तहत अभी आवेदन जमा किए जा रहे है। जो भी आवेदन जमा हो जाएंगे उनकी पूरी जांच होगी। जांच के बाद जो भी पात्र होंगे उनको मुफ्त कनेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
-देव प्रकाश प्रबंधक कर्तव्य भारत गैस एजेंसी