काॅलेज में परीक्षा देते छात्र।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
एटा के राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय अलीगढ़ से संबद्ध महाविद्यालयों में विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं चल रही हैं। बुधवार को सकीट रोड स्थित पीपीएस कॉलेज में परीक्षा के दौरान नकल कराए जाने का मामला सामने आया। आरोप है कि कॉलेज में कक्ष निरीक्षकों की ओर से परीक्षार्थियों को बोल-बोलकर उत्तर बताए जा रहे थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने कॉलेज को नोटिस जारी किया है। साथ ही भविष्य में ऐसी अनियमितता मिलने पर डिबार की चेतावनी दी है।
बुधवार को प्रथम पाली में सुबह करीब 10:15 बजे बीएससी प्रथम सेमेस्टर के बॉटनी और बीए तृतीय सेमेस्टर के समाजशास्त्र विषय की परीक्षा आयोजित हो रही थी। इसी दौरान परीक्षा केंद्र पर नकल कराए जाने की शिकायत सामने आई। विश्वविद्यालय की ओर से मामले का संज्ञान लेकर कॉलेज प्रशासन से जवाब मांगा गया है।
वहीं बृहस्पतिवार को विश्वविद्यालय से संबद्ध जनता महाविद्यालय परसोंन में तीन पालियों में परीक्षाएं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुईं। प्राचार्य लेफ्टिनेंट डॉ. नरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम पाली में बीए प्रथम सेमेस्टर समाजशास्त्र की परीक्षा में 94 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 90 उपस्थित रहे। दूसरी पाली में अंग्रेजी विषय की परीक्षा में 58 में से 54 परीक्षार्थी शामिल हुए।
तीसरी पाली में एलएलबी प्रथम सेमेस्टर के कॉन्स्टीट्यूशनल लॉ ऑफ इंडिया विषय की परीक्षा में 572 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 519 उपस्थित और 53 अनुपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि परीक्षाएं 17 नवंबर से 24 दिसंबर तक चलेंगी। विश्वविद्यालय की ओर से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से ऑनलाइन निगरानी की जा रही है। इस दौरान परीक्षा प्रभारी डॉ. गुलशन कुमार सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
सकीट रोड स्थित पीपीएस कॉलेज में बुधवार को प्रथम पाली में बोल-बोलकर नकल कराने का मामला सामने आया है। इस मामले में कॉलेज प्रबंधक व प्रधानाचार्य को नोटिस दिया गया है। स्पष्टीकरण संतोषजनक न मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
-धीरेंद्र कुमार, परीक्षा नियंत्रक, विश्वविद्यालय