एटा। कोरोना संक्रमण के नए मामले रविवार को शून्य रहे। जबकि सोमवार को तीन नए मामले मिले हैं। इससे पहले भी केसों में कमी आई है, लेकिन जिम्मेदार कह रहे हैं कि केस कम होने से लोग बेपरवाह न हो जाएं। संक्रमण खत्म नहीं हुआ है। सावधानी लगातार बरतनी होगी।
सीएमओ डॉ. उमेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि रविवार को जांच में एक भी संक्रमित नहीं मिला था, लेकिन सोमवार को फिर तीन संक्रमित मिले हैं। हालांकि पहले की तुलना में यह संख्या काफी कम है। संक्रमितों की कमी होने का मतलब यह नहीं है कि खतरा टल गया। सावधानी पूरी तरह से बरतनी होगी। खतरे को पूरी तरह से खत्म तब समझा जाएगा जब पूर्ण टीकाकरण हो जाएगा। इसलिए अभी भी कोविड टीकाकरण पर जोर दिया जा रहा है।
सीएमओ ने बताया कि सोमवार को 38 विद्यालयों में केंद्र बनाकर 15 से 17 आयु वर्ग के बच्चों का टीकाकरण किया गया। अब तक 18 वर्ष से अधिक उम्र के लगभग 98 प्रतिशत लोगों को टीके की पहली खुराक दी जा चुकी है। जबकि 73 प्रतिशत लोगों ने टीके की दोनों डोज लगवा ली हैं। 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 65 प्रतिशत किशोरों को टीके की पहली डोज लगाई जा चुकी है। सोमवार को जिले में 260 टीकाकरण केंद्र बनाए गए। इनमें से 38 टीकाकरण केंद्र स्कूल-कॉलेज में, 28 केंद्र राशन डीलर की दुकानों पर बनाकर टीकाकरण किया गया।