एटा। अलीगंज में महिंद्रा कंपनी के नकली ऑटो पार्ट्स बेचे जा रहे थे। कंपनी के अधिकारियों ने आकर छापा मारा और तीन दुकान संचालकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मुंबई से आए कंपनी के जांच अधिकारी अजय कुमार ने थाना अलीगंज पुलिस के साथ मिलकर छापेमारी की। इस दौरान तीनों दुकानों से भारी मात्रा में नकली पार्ट्स बरामद किए। दुकानदार माल का बिल और कागजात भी पेश नहीं कर सके। इस दौरान अलका ऑटो पार्ट्स पर 8 ऑयल फिल्टर, 2 एयर फिल्टर, 2 वियरिंग कांट, 1 लॉक वॉशर, 3 वियरिंग क्लच, 3 किट पैड, 1 मास्टर क्लच, 1 स्लेव, 6 ड्राइवन क्लाट, 1 शिफ्ट फोर्क, 1 क्लच, 1 सेंटर वियरिंग, 1 क्लच ड्राइवन और 2 फ्लाई व्हील रिंग बरामद हुईं हैं। दुकान संचालक अकील अहमद निवासी डाकबंगला इस सामान के बिल नहीं दिखा सके।
इसके बाद टीम ने श्री कुबेर जी ऑटोमोबाइल के यहां जांच की। यहां से 5 ऑयल फिल्टर, 4 किट वायल, 3 एयर फिल्टर और 1 कांस्टिक स्लैब बरामद हुई। दुकानदार अजय कुमार गुप्ता भी बिल नहीं प्रस्तुत कर सके। यहां से टीम श्याम ऑटोपार्ट्स एंड सर्विस सेंटर पर पहुंची। चेकिंग में 3 एयर फिल्टर, 8 एलिमेंट फिल्टर और 13 ऑयल फिल्टर नकली निकले।
इस दुकान के संचालक सनोज कुमार से भी जब बिल मांगा गया तो वह दस्तावेज नहीं दिखा पाए। जांच अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि लगातार मिल रही शिकायतों के बाद छापा मारकर नकली सामान बरामद किया गया है। दुकानदारों के खिलाफ कोतवाली अलीगंज में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। कोतवाली प्रभारी निर्दोष सिंह सेंगर ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।