एटा। बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षकों को ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने के आदेश हुए हैं। तभी से शिक्षक काली पट्टी बांध विरोध जता रहे हैं। रविवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के नेतृत्व में सोशल मीडिया पर अभियान चलाया गया। जबकि सोमवार को बीएसए कार्यालय पर किए जाने वाले प्रदर्शन व ज्ञापन को लेकर रणनीति बनाई गई।
शहर के ग्रीन गार्डन में रविवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की बैठक जिलाध्यक्ष राकेश चौहान के नेतृत्व में हुई। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा विभाग शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने बाध्य कर रहा है यह अनुचित है। शिक्षक दूर दराज क्षेत्रों में नियुक्त हैं। मार्गों की स्थिति जर्जर है। शिक्षकों को 31 दिन का उपार्जित अवकाश, द्वितीय शनिवार का अवकाश प्रदान किया जाए। आधे दिन का आकस्मिक अवकाश स्वीकृत किया जाए।
जिला मंत्री नेम सिंह वर्मा ने कहा कि सोमवार को ऑनलाइन उपस्थिति के विरोध में बीएसए को ज्ञापन दिया जाएगा। ललित जादौन, धर्मेंद्र उपाध्याय, संजय चौहान, विनोद कश्यप, संजय चौहान सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ संबंद्ध अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री वीरपाल ने बताया कि सोमवार को शाम 3 बजे कई संगठनों के साथ मिलकर कलेक्ट्रेट धरना स्थल पर प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद ज्ञापन दिया जाएगा। माध्यमिक शिक्षा विभाग के संगठनों ने भी बेसिक के शिक्षकों को अपना समर्थन दिया है।
कराया जाएगा आदेश का पालन
बेसिक शिक्षा विभाग में ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने का विरोध चल रहा है। वहीं माध्यमिक शिक्षा विभाग में राजकीय विद्यालयों में शिक्षकों को बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराने की बात कही गई है। जिले में 25 राजकीय विद्यालय हैं। कई विद्यालयों में पहले से ही बायोमेट्रिक मशीन लगी हुई है। डीआईओएस इंद्रजीत ने बताया उच्चाधिकारियों के आदेश का पालन कराया जाएगा। मंगलवार को प्रधानाचार्यों के साथ बैठक कर इसे लागू कराएंगे। जिस विद्यालय में मशीन नहीं होगी, वहां लगवाई जाएगी।