सोमवार की दोपहर फीरोजाबाद बस स्टैंड के निकट एक दुकान के शटर में करंट आने
से युवक राकेश (35) की मौत हो गई। घटना से गुस्साए लोगों ने शव को सड़क पर
रखकर आगरा रोड पर जाम लगा दिया और बिजली विभाग के अधिकारियों व
कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। जाम लगने की सूचना पर
थाना पुलिस के अलावा एसडीएम व विधायक मौके पर पहुंच गए और समझा बुझाकर जाम
खुलवा दिया। मृतक के भाई ने विद्युत कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
कराई है।
आगरा रोड निवासी राकेश बघेल की फीरोजाबाद बस स्टैंड के निकट परचून की
दुकान है। बताते हैं कि दुकान में लगे मीटर का तार क्षतिग्रस्त होने पर
उसमें करंट आ रहा था। आरोप है कि इसकी शिकायत विभागीय कर्मचारियों से करते
हुए सही कराने की मांग की। शिकायत के तीन दिन बाद भी इसे सही नहीं किया
गया।
सोमवार दोपहर तीन बजे राकेश दुकान के शटर को उठा रहा था, तभी उसमें
करंट दौड़ गया जिसकी चपेट में राकेश आ गया और दूर जाकर गिरा। मौके पर जमा
लोग तत्काल राकेश को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर
दिया। बाद में गुस्साए लोगों ने शव को सड़क पर रख जाम लगा दिया। जाम लगने
की सूचना पर एसडीएम रवि प्रकाश श्रीवास्तव, विधायक रणजीत सुमन मौके पर
पहुंच गए और ग्रामीणों को समझा बुझाकर एक घंटे बाद जाम खुलवाया। इस मामले
में भाई सुरेंद्र ने बिजली विभाग के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।