कलक्ट्रेट सभागार में दिशा की बैठक में निर्देश देते सांसद राजवीर सिंह। संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। कलक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को सांसद राजवीर सिंह की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय, निगरानी समिति (दिशा) की बैठक का आयोजन किया गया। सांसद ने कहा कि समाज के अंतिम पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाएं। इस दौरान विधायकों ने अपात्रों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिए जाने की शिकायत रखी। इस पर सांसद ने अधिकारियों को लाभान्वित किसानों का सत्यापन करने के निर्देश दिए। कहा कि इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के वंचित पात्र व्यक्तियों की भी सूची बनाएं। प्रधानमंत्री के मिशन हर घर नल से जल की कवायद के तहत प्रभावी कार्रवाई अमल में लाई जाए।
डेंगू एवं बुखार के प्रकोप को देखते हुए नियमित रूप से साफ-सफाई, फॉगिंग, एंटी लार्वा, डीडीटी का छिड़काव कराया जाए। जिलाधिकारी अंकित अग्रवाल ने कहा कि बैठक में आए सभी सुझावों पर प्रभावी कार्रवाई कराई जाएगी। सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड, अलीगंज विधायक सत्यपाल सिंह राठौर, मारहरा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी, जलेसर विधायक संजीव कुमार दिवाकर, कासगंज विधायक देवेंद्र सिंह राजपूत, सीडीओ डॉ. अवधेश कुमार बाजपेयी, सीएमओ डॉ. उमेश कुमार त्रिपाठी, डीडीओ एसएन सिंह कुशवाह, पीडी डीआरडीए निर्मल कुमार द्विवेदी, एसई विद्युत राजकुमार, सीवीओ एसपी सिंह आदि अधिकारियों के अलावा पूर्व एमएलसी प्रत्येन्द्र पाल सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा डॉ. दिनेश वशिष्ठ, ब्लॉक प्रमुख रवि वर्मा, चेयरमैन विकास मित्तल, देवलाल लोधी आदि मौजूद रहे।