एटा। जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा यादव और उनके पति पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह यादव के शस्त्र लाइसेंस निरस्त किए गए हैं। वहीं सपा से पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह यादव, उनके पुत्र और पत्नी के भी लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई डीएम अंकित अग्रवाल ने की है।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए चुनाव से पहले सपा नेता पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह यादव और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह यादव पर सरकारी एवं निजी संपत्ति पर कब्जा करने के मुकदमे दर्ज किए गए थे। एक आपराधिक मुकदमा भी लिखा था।
पुलिस विभाग से मिली रिपोर्ट के आधार पर डीएम अंकित अग्रवाल ने शनिवार को पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह और जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा यादव पत्नी जुगेंद्र सिंह के एक-एक शस्त्र लाइसेंस निरस्त किए हैं। इनके ही परिवार के सुबोध कुमार पुत्र रामेश्वर सिंह के तीन और राममूर्ति देवी पत्नी रामेश्वर सिंह का एक लाइसेंस निरस्त किया गया है।
----------------
पूर्व में लाइसेंस जमा कराने के आदेश हुए थे। इस पर हाईकोर्ट से स्टे मिला है। कोर्ट के आदेश को न मानकर गलत ढंग से कार्रवाई की गई है। हमारा राजनीतिक परिवार है। इस कार्रवाई से सभी की सुरक्षा प्रभावित होगी। अन्य नेताओं पर भी मुकदमे दर्ज हैं, लेकिन किसी के लाइसेंस निरस्त नहीं किए गए। प्रशासन हमारे परिवार से व्यक्तिगत रंजिश मानते हुए कार्रवाई कर रहा है।
- जुगेंद्र सिंह यादव, पूर्व अध्यक्ष जिला पंचायत
-------------------